मनावर : (शाहनवाज शेख) आज शाम मनावर पुलिस थाना परिसर में आगामी त्यौहारों को लेकर शांति समिति की बैठक का आयोजन रखा गया। बैठक में भगोरिया हाट का स्थान बदलने सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में प्रमुख रूप से मनावर एसडीएम प्रमोद गुर्जर, एसडीओपी बृजेश कुमार मालवीया, थाना प्रभारी ईश्वरसिंह चौहान, तहसीलदार विजय तलवाड़े, सीएमओ संतोष चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष अजय पाटीदार उपस्थित रहे।
बैठक में शांति, सद्भाव बनाए रखने, परीक्षा के दौरान डीजे पर प्रतिबंध, सुरक्षित होलिका दहन और सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने सभी त्योहारों को परंपरागत रूप से मनाने के निर्देश दिए।
पुलिस एसडीओपी ब्रजेश कुमार मालवीया ने बताया कि धुलेंडी और रंगपंचमी के दौरान मस्जिदों के आसपास विशेष पुलिस बल तैनात रहेगा। होलिका दहन बिजली के तारों से दूर करने और हरे पेड़ों को न काटने के निर्देश दिए गए। रंगपंचमी पर विभिन्न संस्थाओं द्वारा गैर निकाली जाएगी।

नगर परिषद को त्योहारों के दौरान विशेष साफ-सफाई और दोपहर बाद जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर पालिका अध्यक्ष अजय पाटीदार ने बताया कि रंग पंचमी पर फायर ब्रिगेड का उपयोग कर रंगारंग गैर निकाली जाएगी।
मैले के चलते ब्राह्मण के खेत में होगा आयोजन
नपा पार्षद कैलाश राठौर ने जानकारी दी कि इस बार मेला मैदान में झूले लगे होने के कारण भगोरिया हाट का स्थान परिवर्तित किया गया है। अब यह आदिवासी लोक त्योहार मेला मैदान के समीप ब्राह्मण के खेतमें मनाया जाएगा। बैठक में सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई। विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों, पार्षदों, पत्रकारों और प्रशासनिक अधिकारियों ने त्योहारों को शांति और सद्भाव के साथ मनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मनावर शहर काजी डॉ जमिल सिद्दीकी, रूपेश जोहरी, लक्ष्मी जाट आदि नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।









