रेत माफियाओं ने वन रक्षक को ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर मार डाला, केस दर्ज, आरोपी फरार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुरैना : मप्र.- रेत माफिया के हौसले बुलंद, रेत के अवैध परिवहन पर कार्रवाई करने गई वन विभाग की टीम पर माफियाओं ने हमला कर दिया। प्राप्त जानकारी अनुसार बदमाशों ने वन रक्षक हरकेश गुर्जर को ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। खबर फैलते ही मौके पर भारी पुलिसबल पहुंचा। यह घटना आज सुबह करीब 6 बजे दिमनी पुलिस थाने अंतर्गत घटित हुई।

मामले को लेकर कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़, एसपी समीर सौरभऔर डीएफओ हरिश्चंद्र बघेल मौके पर पहुंचे हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। शव का मुरैना जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि अवैध रेत परिवहन की सूचना पर वन विभाग की 6 सदस्यीय टीम कार्रवाई करने पहुंची थी। बताया गया कि इसी दौरान ड्राइवर विनोद कोरी ने रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भागने की कोशिश की। वन रक्षक हरकेश गुर्जर रोकने के लिए आगे बढ़े तो विनोद ने उनको कुचल दिया। फिर ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भाग निकला। दिमनी पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है, अतिरिक्त पुलिस बल के साथ आरोपी की तलाश की जा रही है।

एसपी, कलेक्टर ने घटना स्थल का मुआयना किया है। पास ही बने पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं। पुलिस को आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश देने के निर्देश दिए हैं। एडिशनल एसपी सुरेंद्र पाल सिंह ने कहा, ‘दिमनी थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। इलाके में अतिरिक्त फोर्स भेजी गई है।’

 

और पढ़ें