राहुल गांधी का मिशन मप्र: आज भोपाल में कांग्रेस संगठन की नई नींव रखेंगे, 5 घंटे में करेंगे तीन अहम बैठकें

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भोपाल। मध्य प्रदेश में कांग्रेस के पुनर्गठन की शुरुआत आज राहुल गांधी करेंगे। 23 वर्षों से सत्ता से बाहर चल रही कांग्रेस अब संगठनात्मक मजबूती के नए अध्याय की ओर बढ़ रही है। मंगलवार को राहुल गांधी भोपाल दौरे के दौरान करीब 5 घंटे तक ताबड़तोड़ बैठकों में हिस्सा लेंगे। कांग्रेस ने 2025 को संगठन वर्ष घोषित किया है और अब गुजरात के बाद मध्यप्रदेश में व्यापक बदलाव की रणनीति पर काम हो रहा है।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में तीन अहम बैठकें होंगी। सुबह 11 बजे से राहुल गांधी राजनीतिक मामलों की समिति के नेताओं के साथ बैठक की शुरुआत करेंगे। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ, दिग्विजय सिंह, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

दोपहर 12 बजे सांसदों और विधायकों के साथ संवाद होगा। इसके बाद केंद्रीय पर्यवेक्षक और प्रदेश कांग्रेस प्रभारियों की संयुक्त बैठक में संगठन सृजन अभियान की रूपरेखा और जिम्मेदारियां तय की जाएंगी। ढाई बजे रवींद्र भवन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी, जिला व ब्लॉक अध्यक्षों का अधिवेशन होगा।

कांग्रेस राहुल गांधी के जातिगत जनगणना अभियान को भी संगठन की ताकत बना रही है। कार्यकर्ता घर-घर जाकर बताएंगे कि कैसे राहुल गांधी के मुद्दा उठाने के बाद केंद्र सरकार को झुकना पड़ा। एयरपोर्ट से पीसीसी दफ्तर तक 52 स्वागत द्वार बनाए गए हैं, जिनमें जातिगत जनगणना के लिए राहुल गांधी को धन्यवाद दिया गया है।

राहुल गांधी मध्यप्रदेश में पुराने नेतृत्व के समानांतर नई पीढ़ी को जिम्मेदारी दे रहे हैं। जीतू पटवारी, उमंग सिंघार और हेमंत कटारे की नियुक्तियों को इसी कड़ी का हिस्सा माना जा रहा है। उन्होंने ‘विभीषणों’ को चिन्हित करने की बात भी कही है, जिससे साफ है कि अब पार्टी अनुशासन और प्रतिबद्धता पर समझौता नहीं करेगी।

Pooja upadhyay
Author: Pooja upadhyay

Leave a Comment

और पढ़ें