
केंद्रीय राज्य मंत्री, पूर्व सांसद, कलेक्टर, एसपी मौजूद रहे
बदनावर/ धार/ मप्र – प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल धार जिले के मांडव और बदनावर क्षेत्र के दौरे पर रहे। आज बदनावर में आयोजित सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन शिविर व 50 बिस्तरी शासकीय चिकित्सालय के लोकार्पण कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल के विशिष्ट आतिथ्य में गरिमामय रूप से सम्पन्न हुआ।

इस अवसर पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से सिकल सेल एनीमिया की स्क्रीनिंग, रक्तदान शिविर, माताओं को फूड बास्केट , हितग्राहियों को प्रमाण पत्र एवं चेक वितरण जैसे जनकल्याणकारी कार्य संपन्न हुए, जो समाज के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु आयुष विभाग एवं नगर परिषद बदनावर की पूरी टीम का सराहनीय प्रयास और योगदान रहा। इस गरिमामय कार्यक्रम में धार विधायक नीना विक्रम वर्मा, पूर्व सांसद छतरसिंह दरबार, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजवर्धन दत्तीगांव, भाजपा जिलाध्यक्ष निलेश भारती, नपा अध्यक्ष मीना शेखर यादव सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधिगण एवं आमजन उपस्थित रहे।

प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल द्वारा शहीद नायब सूबेदार श्री रवींद्र सिंह राठौर की प्रतिमा का लोकार्पण किया गया। साथ ही वृक्षारोपण भी किया गया। राज्यपाल ने मांडू के वैभवशाली इतिहास को करीब से जाना’लाइट एंड साउंड शो’ के माध्यम से रूबरू हुए बीते दिन राज्यपाल ने धार जिले के विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक पर्यटन स्थल मांडू के भ्रमण के दौरान यहाँ की अद्वितीय स्थापत्य कला और गौरवशाली इतिहास का गहन अवलोकन किया। भ्रमण के दौरान राज्यपाल ने मांडू की ऐतिहासिक इमारतों की नक्काशी और प्राचीन जल प्रबंधन तकनीक की सराहना की।

लाइट एंड साउंड शो के जरिए इतिहास का दर्शन:
भ्रमण के उपरांत राज्यपाल श्री पटेल ने रात्रि में आयोजित ‘लाइट एंड साउंड शो’ (Night Show) का आनंद लिया। इस शो के माध्यम से मांडू के उदय, सुल्तान बाजबहादुर और रानी रूपमती की अमर प्रेम कथा तथा यहाँ के किलों के निर्माण से जुड़ी ऐतिहासिक गाथाओं को बेहद प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। राज्यपाल ने आधुनिक तकनीक और कला के इस संगम की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से पर्यटकों को हमारे गौरवमयी अतीत को समझने में सुगमता होती है। राज्यपाल के प्रवास के दौरान जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने राज्यपाल महोदय को मांडू में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों से अवगत कराया।

मांडू में जानी बाघ प्रिंट की बारीकियां, जनजातीय महिलाओं के आत्मनिर्भर प्रयासों को सराहा
मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने अपने ऐतिहासिक पर्यटन स्थल मांडू प्रवास के दौरान यहाँ की विश्व प्रसिद्ध ‘बाघ प्रिंट’ कला का बारीकी से अवलोकन किया। राज्यपाल स्थानीय कलाकार नेहा जायसवाल के केंद्र पर पहुँचे, जहाँ उन्होंने प्राकृतिक रंगों और पारंपरिक ठप्पों (ब्लॉक) के माध्यम से कपड़े पर उकेरी जा रही कलाकृतियों को देखा। इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर, जनप्रतिनिधि गण व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे ।
राज्यपाल ने केंद्र पर बाघ प्रिंटिंग की पूरी प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कपड़े को भिगोने, हरड़ा पाउडर के उपयोग, और फिटकरी व हल्दी जैसे प्राकृतिक रंगों के प्रयोग को प्रत्यक्ष रूप से देखा। नेहा जायसवाल ने राज्यपाल को बताया कि यह पूरी तरह से हस्तनिर्मित प्रक्रिया है, जिसमें एक कपड़े को तैयार करने में लगभग 25 दिनों का समय लगता है। राज्यपाल श्री मांगूभाई पटेल ने हथकरघा का फीता काटकर उद्घाटन किया।
अवलोकन के दौरान राज्यपाल ने जनजातीय महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि “स्थानीय कला और संस्कृति को जीवित रखने के साथ-साथ ये महिलाएं आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में भी अनुकरणीय कार्य कर रही हैं।”केंद्र पर प्रदर्शित हस्तशिल्प और जनजातीय वेशभूषा के बारे में भी राज्यपाल ने विस्तार से चर्चा की।

इस अवसर पर उन्होंने जनजातीय महिलाओं से उनके कामकाज और अनुभवों के बारे में भी संवाद किया।उन्होंने यह भी जानकारी दी गई कि ‘रानी रूपमती हैंडलूम एंड हैंडीक्राफ्ट’ के माध्यम से अब नए हैंडलूम स्टार्टअप की भी शुरुआत की जा रही है। राज्यपाल ने इस नए प्रयास के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने पर बल दिया।










