राजस्व न्यायालयों में पहुंचे सम्भागायुक्त डॉ. खाड़े, प्रशासनिक सेवाएं जांची।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

इंदौर: मप्र – संभाग के मुख्य अधिकारी सम्भागायुक्त डॉ सुदाम खाड़े बुधवार इंदौर के प्रशासनिक संकुल स्थित राजस्व न्यायालयों का निरीक्षण करने पहुँचे। उन्होंने यहां दो-तहसील, दो-अनुविभाग और दो-अपर कलेक्टर कोर्ट का रोस्टर निरीक्षण कर प्रकरणों के वस्तुस्थिति देखी। सम्भागायुक्त डॉ. खाड़े ने दो-राजस्व तहसील न्यायालयों में बिचौली हप्सी व जूनी इंदौर तथा इन्हीं क्षेत्र के अनुविभागीय राजस्व न्यायालयों का भी निरीक्षण किया। मौके पर कलेक्टर शिवम वर्मा और प्रशासनिक अमला भी मौजूद था।

इस दौरान डॉ. खाड़े ने नामांकन, सीमांकन, बंटवारा सहित अन्य राजस्व प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की। उन्होंने दो अपर कलेक्टर न्यायालयों एडीएम रोशन राय व एडीएम रिंकेश वैश्य के न्यायालयों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियो को समय पर कार्यालय पहुँचने के निर्देश दिए। सभी पक्षकारों के प्रकरणों का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर विशेष ध्यान दे। साथ ही उन्होंने नामांकन, सीमांकन, बंटवारा और बटांकन आदि प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाते हुए राजस्व वसूली में भी प्रगति लाने के निर्देश दिए है। सम्भागायुक्त डॉ. खाड़े ने राजस्व अधिकारियों से कहा कि कार्यालयों व फील्ड विजिट का समय निर्धारण कर क्षेत्र की स्थितियों पर भी नजरें रखें। राजस्व अधिकारी अपने दायित्वों को पूर्ण गंभीरता से निर्वहन करें। वे क्षेत्र में भी लगातार भ्रमण करते रहें। अपने अधिनस्थ अमले के कार्यों की भी नियमित रूप से समीक्षा करें।

संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने निर्देश दिए कि “संकल्प से समाधान अभियान” का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि हर पात्र व्यक्ति को उसकी पात्रता के अनुसार शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ मिले। हितग्राहियों के चयन के लिए ग्राम पंचायत से लेकर नगर निगम और नगर परिषदों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में शासन की विभिन्न योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने की दिशा में प्रभावी कार्य किया जाए। लोकसेवा गारंटी योजना के प्रकरणों का समयसीमा में निराकरण किया जाए। इस दौरान अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पंवार, रोशन राय, रिंकेश वैश्य, निशा डामोर और एसडीएम व तहसीलदार मौजूद रहें।

और पढ़ें