मंगलवार को मंत्रालय परिसर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का मंत्रालयीन कर्मचारी परिवार द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि उनकी सरकार उनके हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह समर्पित है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारियों की भलाई से ही प्रदेश का विकास संभव है और जब प्रदेश प्रगति करेगा तो देश भी आगे बढ़ेगा। उन्होंने कर्मचारियों को शासन-प्रशासन की रीढ़ बताते हुए उनके परिश्रम और निष्ठा की सराहना की, जिससे मध्यप्रदेश अग्रणी राज्यों में शामिल हो सका है।
मुख्यमंत्री को कमल पुष्प की रजत प्रतिकृति भेंटकर सम्मानित किया गया। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन और भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की और अंत में तिरंगा यात्रा का नेतृत्व भी किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी और पदोन्नति से जुड़े मामलों का भी शीघ्र समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी कर्मचारियों के लिए बीमा योजना पर तेज़ी से कार्य कर रही है। साथ ही सरकार की मंशा है कि हर कर्मचारी का खुद का घर हो और उनके बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले।
कार्यक्रम में संयोजक सुभाष वर्मा ने मुख्यमंत्री को केंद्र सरकार के अनुरूप महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता और सचिवालय भत्ता लागू करने के लिए धन्यवाद दिया तथा अन्य मांगों को लेकर एक मांगपत्र भी सौंपा।
