महाशिवरात्रि को लेकर रेलवे का बड़ा फैसला, उज्जैन-भोपाल मार्ग पर चलेगी मेला स्पेशल ट्रेनें

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महाशिवरात्रि पर रेलवे की बड़ी पहल, महाकाल व कुबेरेश्वर धाम जाने वालों के लिए 3 जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनें

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन और कुबेरेश्वर धाम (सीहोर) जाने वाले श्रद्धालुओं को रेलवे ने बड़ी सौगात दी है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने उज्जैन से भोपाल एवं संत हिरदाराम नगर के बीच तीन जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है।

रेल मंडल प्रवक्ता मुकेश कुमार के अनुसार ये विशेष ट्रेनें 13 फरवरी से 23 फरवरी तक चलाई जाएंगी, जिससे श्रद्धालुओं को यात्रा में सुविधा मिलेगी और भीड़ का दबाव कम होगा।

मेला स्पेशल ट्रेनों का विवरण

उज्जैन – संत हिरदाराम नगर – उज्जैन (09305/09306) यह ट्रेन 13 से 22 फरवरी तक प्रतिदिन चलेगी। उज्जैन से सुबह 9 बजे रवाना होकर दोपहर 1:30 बजे संत हिरदाराम नगर पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन दोपहर 2:30 बजे संत हिरदाराम नगर से चलकर शाम 7:30 बजे उज्जैन पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव तराना रोड, मक्सी, बेरछा, कालीसिंध, अकोदिया, शुजालपुर, कालापीपल और सीहोर स्टेशनों पर रहेगा।

उज्जैन – भोपाल – उज्जैन (09307/09308) यह मेला स्पेशल ट्रेन 13 से 23 फरवरी तक प्रतिदिन संचालित होगी। उज्जैन से रात 9 बजे चलकर रात 2:10 बजे भोपाल पहुंचेगी। वापसी में भोपाल से सुबह 3:10 बजे रवाना होकर सुबह 8 बजे उज्जैन पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव पहले बताये गए स्टेशनों के साथ संत हिरदाराम नगर पर भी होगा।

उज्जैन – संत हिरदाराम नगर – उज्जैन (09313/09314) यह ट्रेन 13 से 22 फरवरी तक रोजाना चलाई जाएगी। उज्जैन से शाम 4 बजे चलकर रात 9:40 बजे संत हिरदाराम नगर पहुंचेगी। वापसी में रात 10:30 बजे चलकर अगले दिन रात 2 बजे उज्जैन पहुंचेगी। इसके स्टॉपेज भी तराना रोड, मक्सी, बेरछा, कालीसिंध, अकोदिया, शुजालपुर, कालापीपल और सीहोर रहेंगे।

यात्रियों के लिए सुविधाएं

रेलवे प्रशासन ने बताया कि इन मेला स्पेशल ट्रेनों में सामान्य और स्लीपर श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे, जिससे कम खर्च में यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।

और पढ़ें