मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय (जनेकृविवि) ने राज्यभर से कृषि क्षेत्र से जुड़े स्टार्टअप को आमंत्रित किया था। इसमें 149 स्टार्टअप ने भाग लिया, जिनमें से 41 को शॉर्टलिस्ट किया गया। अब इन स्टार्टअप्स को केंद्रीय कृषि मंत्रालय के एक्सपर्ट की टीम द्वारा परखा जाएगा। चयनित स्टार्टअप्स को एक माह तक प्रशिक्षण दिया जाएगा और फिर इन्हें ऑनलाइन प्रस्तुतिकरण देने का मौका मिलेगा। यदि इनकी परियोजनाएं एक्सपर्ट्स को पसंद आईं, तो इन्हें 5 से 25 लाख रुपये तक का फंड मिलेगा।
यह पहल विशेष रूप से उन युवाओं के लिए है जिन्होंने कृषि क्षेत्र में नवाचार करने की दिशा में कदम बढ़ाया है, लेकिन प्रशिक्षण और पूंजी की कमी के कारण अपनी परियोजनाओं को सफल नहीं बना पा रहे थे। इन स्टार्टअप्स में खाद्य प्रसंस्करण, एग्रीकल्चर उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री, कृषि मशीनरी का निर्माण और कृषि पर्यटन को बढ़ावा देने जैसे आइडिया शामिल हैं।
