मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, 2 की मौके पर मौत, अन्य घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मनावर : (सिंघम रिपोर्टर) धार जिले के मनावर में सोमवार की रात 9 बजे मजदूरों से भरी पिकअप पलट गई। वाहन अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिर गया। हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई और 40 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घटना उमरबन से 13 किलोमीटर दूर ग्राम उकाला के समीप मोहनपुरा में हुई। अंधेरे के कारण घायलों को निकालने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बाकानेर, उमरबन, मनावर और गंधवानी से 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची।

मृतकों में जामला निवासी 20 साल का कृष्णा (पिता गलसिंह) और 38 साल का गोविंद (पिता नारायण) शामिल है। कृष्णा की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि गोविंद ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया, दो अन्य मजदूर ज्योति शोभाराम और रमेश नानूराम को रेफर किया गया है। पिकअप में सवार महिलाएं, पुरुष और गंभीर चोटें आने के कारण धार जिला मुख्यालय बच्चे सहित करीब 40 लोग घायल हुए हैं।

सोयाबीन काटने गए थे

मृतक कृष्णा के मामा सागरसिंह ने बताया कि उनका भांजा दो दिन से पिकअप में सवार होकर सोयाबीन काटने जा रहा था। हादसे के समय सभी मजदूर मालवा से सोयाबीन की फसल काटकर लौट रहे थे। पिकअप का चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिकअप मालिक मजदूरों से 100 रुपए प्रति सवारी के हिसाब से किराया लेता था।

उमरबन चौकी प्रभारी अश्विन चौहान दल-बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया है। मृतक कृष्णा का शव मनावर सिविल अस्पताल के पोस्टमॉर्टम रूम में रखा गया है।

और पढ़ें