उज्जैन के प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में मंगलवार को शिव नवरात्रि के अवसर पर भगवान महाकाल का अद्भुत श्रृंगार किया गया। बाबा महाकाल के इस रूप को देखने के लिए हजारों भक्त मंदिर में पहुंचे और उनका मनमोहक रूप देख आनंदित हो गए। महाकाल के श्रृंगार में फूलों, मखानों और अन्य सुंदर आभूषणों का प्रयोग किया गया।
भस्म आरती के समय सुबह चार बजे मंदिर के पट खोले गए, और भगवान महाकाल का पूजन बड़े श्रद्धा भाव से किया गया। जलाभिषेक, पंचामृत पूजन के बाद भगवान महाकाल को चंदन, भांग, और आभूषणों से श्रृंगारित किया गया। श्रृंगार के बाद, महाकाल को ड्रायफ्रूट, चंदन और फूलों से राजा के रूप में सजाया गया।
इसके बाद भगवान महाकाल को रजत मुकुट, रुद्राक्ष की माला और पुष्पों की माला अर्पित की गई। इसके बाद भक्तों को भगवान के निराकार से साकार रूप में दर्शन हुए। इस दिव्य रूप को देख भक्तों के मन में उल्लास और भक्ति का संचार हुआ।
आज भी बाबा महाकाल के दरबार में भक्तों का तांता लगा रहा, और उन्होंने भस्म आरती के दौरान बाबा के दर्शन किए।
