MP में बढ़ती ठंड का असर- मध्य प्रदेश में इस साल ठंड ने समय से पहले दस्तक दे दी है। लगातार बढ़ती शीतलहर और रिकॉर्ड स्तर तक गिरते न्यूनतम तापमान के कारण कई जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। मौसम विभाग ने भोपाल, इंदौर, सागर समेत कई जिलों के लिए अगले दो दिनों तक यलो अलर्ट जारी किया है।
इंदौर – अब स्कूल सुबह 9 बजे से
इंदौर में रविवार को सीजन का पहला ‘कोल्ड-डे’ दर्ज हुआ। दिन का तापमान सामान्य से 5 डिग्री नीचे रहा और रात का पारा 7.2 डिग्री तक गिर गया। बढ़ती ठंड को देखते हुए कलेक्टर शिवम वर्मा ने 18 नवंबर से सभी निजी और सरकारी स्कूलों का समय सुबह 9 बजे तय किया है।
भोपाल – कक्षाएं 8:30 बजे के बाद
राजधानी भोपाल में भी ठंड का असर तेज है। रात का तापमान 6.4 डिग्री तक पहुंचने पर डीईओ ने आदेश जारी किए हैं कि शहर के सभी स्कूल सुबह 8:30 बजे के बाद ही लगेंगे।

सागर – स्कूल 8:30 बजे से
सागर जिले में भी बच्चों को सुबह की ठिठुरन से बचाने के लिए स्कूलों की टाइमिंग बदल दी गई है। अब कक्षाएं सुबह 8:30 बजे से शुरू होंगी।
मौसम विभाग का अलर्ट
कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है, जिससे पाला पड़ने की संभावना भी बढ़ गई है। हालांकि गुरुवार से हल्की राहत की उम्मीद जताई गई है। प्रशासन ने अभिभावकों से बच्चों को पर्याप्त गर्म कपड़े पहनाने की अपील की है।








