पचमढ़ी (मध्यप्रदेश): भारतीय जनता पार्टी का तीन दिवसीय सांसद-विधायक प्रशिक्षण शिविर शनिवार से मध्यप्रदेश के सुरम्य पचमढ़ी में शुरू हो गया। उद्घाटन सत्र को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने संबोधित किया। उन्होंने “जनसंघ से भाजपा – 1951 से 2025” विषय पर वक्तव्य देते हुए संगठन की यात्रा और विचारधारा पर विस्तार से चर्चा की।
अपने भाषण में शाह ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि आजादी के बाद देश में जो नीतियां बनीं, उनमें भारत की मिट्टी की महक और सांस्कृतिक चेतना की झलक नहीं थी। नेहरू सरकार की सोच पश्चिमी प्रभाव से प्रेरित थी और उसी का परिणाम था कि देश लंबे समय तक पिछड़ा रहा।
सिन्धु जल पर सख्त रुख, पाकिस्तान पर निशाना
शाह ने कहा कि मोदी सरकार की कूटनीतिक और रणनीतिक नीतियों के चलते अब पाकिस्तान को पानी के लिए तरसना होगा। उन्होंने ऐलान किया कि अगले तीन वर्षों में सिंधु नदी का जल राजस्थान के गंगानगर तक पहुंचेगा। पाकिस्तान के हिस्से का पानी अब भारत में उपयोग होगा।
प्रदेश को मिली भाजपा की विरासत का गौरव
अमित शाह ने मध्यप्रदेश भाजपा की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए स्व. कुशाभाऊ ठाकरे, राजमाता सिंधिया और सुंदरलाल पटवा जैसे दिग्गज नेताओं को श्रद्धांजलि दी और कहा कि यहां संगठन का मजबूत आधार रहा है। उन्होंने नेताओं को सार्वजनिक मंचों पर संयम बरतने और पार्टी की मर्यादा में रहने की सलाह दी।
मोदी सरकार ने बदल दिया देश का नक्शा: डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रशिक्षण वर्ग में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद, नक्सलवाद और अलगाववाद को जड़ से खत्म किया गया है। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से और अधिक सशक्त बनाएगा।
भाजपा के चार बीमारू राज्यों का बदलता चेहरा
शाह ने बीमारू राज्यों की चर्चा करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश, बिहार, उत्तर प्रदेश और राजस्थान जैसे राज्य अब विकास की दौड़ में आगे हैं। ये राज्य अब दूसरों के लिए प्रेरणा बन गए हैं।
वीडी शर्मा का संबोधन और 14 विषयों पर होंगे सत्र
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने बताया कि तीन दिनों में कुल 14 विषयों पर प्रशिक्षण सत्र होंगे, जिनमें केंद्रीय नेताओं द्वारा मार्गदर्शन मिलेगा। उन्होंने अमित शाह द्वारा जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने, सीएए लाने और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने जैसे कार्यों का उल्लेख किया।
‘अटल पार्क’ में पौधारोपण, माताओं को दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम स्थल पर सभी नेताओं ने पौधारोपण कर अपनी माताओं को समर्पित किया। हर पौधे पर नेता की मां का नाम, पौधारोपण की तारीख और नेता का नाम लिखा गया। इस पार्क को ‘अटल पार्क’ नाम दिया गया।
प्रशिक्षण में व्यक्तित्व और नीति विकास पर जोर
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने पहले सत्र में “व्यक्तित्व विकास और समय प्रबंधन” पर चर्चा की, जबकि शिवराज सिंह चौहान ने “विकसित भारत और मोदी सरकार की नीतियां” विषय पर भाषण दिया। अन्य सत्रों में केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटिक, राजेंद्र शुक्ल और सांसद सुधीर गुप्ता ने विचार साझा किए।
