पक्षाल जैन के आलीराजपुर आगमन पर ऐतिहासिक स्वागत, विशाल चल समारोह के साथ हुआ सार्वजनिक अभिनंदन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आलीराजपुर : (मप्र.) संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) परीक्षा में शानदार सफलता प्राप्त कर ऑल इंडिया स्तर पर उत्कृष्ट रैंक हासिल करने वाले होनहार युवा पक्षाल सेक्रेटरी जैन के प्रथम आलीराजपुर आगमन पर नगर में भव्य, ऐतिहासिक और अभूतपूर्व स्वागत किया गया। इस अवसर पर शहर में विशाल चल समारोह निकाला गया तथा बाद में सार्वजनिक अभिनंदन समारोह आयोजित कर उनका सम्मान किया गया। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं अधिवक्ता रहे स्वर्गीय प्रकाशचन्द्र जैन की नातिन दीप्ति सेक्रेटरी (बाग) के सुपुत्र तथा आलीराजपुर के परमार्थ मेडिकल स्टोर के संचालक राहुल जैन (लक्की) और मनीष जैन (नानपुर) के भांजे पाक्षाल जैन की इस उपलब्धि पर पूरे नगर में उत्साह का वातावरण देखने को मिला।

चल समारोह में नागरिकों ने पुष्पमालाओं और फूलों की वर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया। चल समारोह में महिलाएँ, युवतियाँ और युवा नृत्य व गरबा करते हुए शामिल हुए, वहीं देशभक्ति गीतों की गूंज से पूरा वातावरण उत्साह से भर उठा। इस दौरान आतिशबाजी भी की गई। मार्ग में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष मकु परवाल के निवास पर सांसद अनिता चौहान ने भी पाक्षाल जैन का स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएँ दीं। इसके पश्चात सोरवा रोड स्थित मां वाटिका गार्डन में प्रकाशचन्द्र जैन परिवार द्वारा भव्य अभिनंदन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

समारोह में मंच पर पुलिस अधीक्षक रघुवंश भदोरिया, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता महेश पटेल, भारतीय पत्रकार संघ ‘एआईजे’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं जागरूक नागरिक मंच के अध्यक्ष विक्रम सेन, जैन तीर्थ लक्ष्मणी के अध्यक्ष कमल जैन, जयस जिलाध्यक्ष अरविंद कनेश, वरिष्ठ कांग्रेस नेता ओमप्रकाश राठौड़, श्री संघ जैन समाज अध्यक्ष मनीष जैन, गोविंद कापड़िया, जवाहर कोठारी सहित पाक्षाल के पिता निलेश सेक्रेटरी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन मोनिका जैन ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन राहुल जैन (लक्की) एवं रिया जैन ने किया।

मीडिया प्रभारी कृष्णकांत बेड़िया के अनुसार इस अवसर पर जैन समाज सहित आलीराजपुर के विभिन्न समाजों के गणमान्य नागरिक, महिलाएँ और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

और पढ़ें