
प्रधान जिला न्यायाधीश बोले- एक नए भविष्य की आधारशिला
मनावर : (सिंघम रिपोर्टर) धार जिले के मनावर के समीप ग्राम डोंचा में गुरुवार शाम नवीन सिविल न्यायालय भवन का लोकार्पण किया गया। यह सर्व सुविधायुक्त भवन 14 करोड़ 61 लाख रुपए की लागत से तैयार किया गया है। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय, जबलपुर के मुख्य न्यायाधिपति संजीव सचदेवा और मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय, खंडपीठ इंदौर के पोर्टफोलियो न्यायाधिपति संजीव एस. कोलगांवकर ने वर्चुअल माध्यम से इसका उद्घाटन किया।

इस अवसर पर धार के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव कुमार अग्रवाल ने बताया कि यह भवन चार न्यायालयों के लिए बनाया गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इससे पहले न्यायालय भवन का एक चाइल्ड फ्रेंडली भवन भी लोकार्पित हो चुका है।

श्री अग्रवाल ने कहा कि इसमें एक अतिरिक्त कक्ष भी है, जिसका उपयोग भविष्य में न्यायाधीशों की संख्या बढ़ने पर किया जा सकता है। उन्होंने वीनस कंस्ट्रक्शन को निर्धारित समय पर इमारत तैयार करने के लिए धन्यवाद दिया
प्रधान जिला न्यायाधीश बोले- एक नए भविष्य की आधारशिला
प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मनावर के अध्यक्ष राजेंद्र देवड़ा ने इस अवसर पर कहा कि यह इमारत केवल ईंट-पत्थर का निर्माण नहीं, बल्कि एक नए भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने इस परियोजना को साकार करने में मिले समय-समय पर मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में सीजेएम मजिस्ट्रेट नताशा शेख (पटेल) धार ने भी संबोधित किया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष युसूफ खान ने नवीन भवन को स्वच्छ रखने का संकल्प दिलाया।

इस शुभ अवसर पर न्यायाधीश लोकेन्द्रसिंह, अमित भूरिया, नरेंद्र कुमार भंडारी, सिविल जज अभिषेक सोनी और कृष्णा वोहरा, वीनस कंस्ट्रक्शन राजगढ़ से विनीता शर्मा, नितिन ठाकुर, धर्मेंद्र ठाकुर, गंधवानी थाना प्रभारी प्रदीप खन्ना सहित जिला विधिक सहायता अधिकारी, पैनल अधिवक्ता और अन्य अधिवक्तागण उपस्थित रहे। विशाल न्यायालय भवन को रंगीन रोशनी से सजाया गया था। आभार प्रदर्शन हिमांशु भगत ने किया।









