इंदौर : मप्र. -इंदौर में छात्रा की हत्या करने वाला आरोपी मुंबई से गिरफ्तार किया गया। बताया गया कि आरोपित पीयूष धामनोदिया ने शनिवार को मुंबई के अंधेरी पुलिस थाने में सरेंडर कर दिया था। जानकारी के अनुसार आरोपित ने छात्रा से दुष्कर्म के बाद पहले गला दबाया और बाद में सीने में चाकू से वार किया। मामला यही नहीं रुका आरोपित ने हत्या के बाद शराब पी और फिर छात्रा के शव के साथ अमानवीय कृत्य किया।
आरोपी ने यह बात इंदौर और मुंबई पुलिस को बयान में बताई है। आरोपी सनकी दिमाग का बताया जा रहा है। उसने छात्रा के साथ अपने निजी वीडियो भी वायरल कर दिए थे। डीसीपी कृष्ण लालचंदानी के अनुसार प्रजापत नगर निवासी 24 वर्षीय युवती सांवेर रोड स्थित निजी कालेज में एमबीए की पढ़ाई कर रही थी। मंदसौर निवासी पीयूष धामनोदिया भी उसके साथ पढ़ता था। पिछले साल सितंबर से दोनों की नजदीकियां बढ़ी थी।
बताया गया कि आरोपी ने छात्रा के साथ शारीरिक ताल्लुक बना लिए थे। लड़की शादी की जिद करने लगी थी, इस बात पर उसने गला घोंट दिया। मुंह में कपड़ा ठूंसा और सीने में चाकू मार दिया। पुलिस से बचने के लिए उसने नया सिमकार्ड खरीदा और मुंबई चला गया। इस दौरान मेट्रो में ही घूमता रहा। शनिवार को ब्रिज से उतरने के दौरान अंधेरी पुलिस का बोर्ड देखा और थाने में घुस गया। ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी से कहा- मेरा नाम पीयूष धामनोदिया है और मैंने अपनी दोस्त की हत्या कर दी है। द्वारकापुरी पुलिस भी मोबाइल लोकेशन से अंधेरी क्षेत्र में घूम रही थी। सरेंडर की सूचना मिलते ही सिपाही अंधेरी पहुंचे और पीयूष को हिरासत में ले लिया।








