
कुक्षी/धार – धार जिले की कुक्षी तहसील के ग्राम टकारी मे उस वक्त बवाल हो गया जब श्री सीमेंट कंपनी के कर्मचारी क्षेत्र में स्थापित होने वाली फैक्ट्री को लेकर चूना पत्थर की खदानों का सर्वे करने के लिए ग्राम टकारी में पहुंचे थे। लोगों ने कर्मचारियों और सैंपल लेने वाली मशीन को देख हंगामा शुरू कर दिया साथ ही पत्थरबाजी और तोड़फोड़ मचा दी। जिसको देख मौके पर उपस्थित कर्मचारी अपने वाहन छोड़कर जान बचाकर भागे। इस दौरान यहां आस-पास के पुलिस थानों का प्रशासनिक दल भी मौजूद था जिन्होंने ग्रामीणों को काफी समझाने का प्रयास किया, मामला शांत होने के बाद वह भी लौट गए।
आपको बता दे की गंधवानी, जोबट और कुक्षी क्षेत्र के लोग यहां लगने वाली सीमेंट फैक्ट्री के विरोध में पहले भी बड़ा प्रदर्शन कर चुके हैं, जिसको लेकर मध्य प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार, जोबट विधायक और कुक्षी विधायक सहित जयस के नेता भी धरने में शामिल हुए थे। इसके पश्चात धार जिले के कलेक्टर प्रियंक मिश्रा द्वारा ग्रामीणों के साथ बैठक की गई थी जिसमें उनकी समस्या सुनी गई थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री सीमेंट कंपनी का कहना है कि अभी सिर्फ चूना पत्थर की खदानों का सर्वे किया जा रहा है। चूना पत्थर की उपलब्धता पर ही सीमेंट फैक्ट्री लगाने का विचार किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि गंधवानी तहसील का जीराबाद क्षेत्र चूना पत्थर की खदानों के कारण सीमेंट फैक्ट्री लगाने वालों की पहली पसंद बना हुआ है। मनावर में अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री, जीराबाद में सागर और वरुण सीमेंट फैक्ट्री लगातार कार्यरत्त है।
जीराबाद क्षेत्र जहां चूना पत्थर के लिए प्रसिद्ध है वहीं जीवाश्म के लिए भी यह क्षेत्र शोधकर्ताओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इसी क्षेत्र में जीवाश्म वैज्ञानियों को डायनासोर के अंडे मिलें थे, जिन्हें बाग और मांडव में सुरक्षित रखा गया है।

एसडीएम प्रमोद गुर्जर ने कहा..
एसडीएम प्रमोद गुर्जर ने कहा कि सर्वे के दौरान ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई थी, विवाद की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन पर्याप्त मात्रा में मौके पर पहुंच गया था। उन्होंने ग्रामीणों को समझाइश दी और जो भी उनकी शिकायतें हैं या आपत्ति है उनको लिखित में मांगा। इस दौरान किसी प्रकार की भी जनहानि नहीं हुई है मौके पर मामला पूरी तरह शांत है।









