
इंदौर : (शाहनवाज शेख) इंदौर संभाग आयुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने आज धार विधानसभा क्षेत्र में SIR अभियान के तहत पीथमपुर के मतदान केंद्र क्रमांक 281,263 का निरीक्षण किया एवं BLO से चर्चा की और कार्य की प्रगति जानी। इसके अलावा धरमपुरी विधानसभा क्षेत्र में भी SIR अभियान के तहत बगड़ी एवं मांडव के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया व BLO से चर्चा की और कार्य की प्रगति जानी एवं संबंधित अधिकारियों व बीएलओ को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर प्रियंक मिश्रा साथ रहे।
संभाग आयुक्त डॉ. खाड़े ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के संबंध में दिए गए नवीन निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बीएलओ को निर्देशित किया है कि वे आयोग द्वारा जारी निर्देशों का अच्छी तरह से अध्ययन कर लें, विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान बीएलओ तीन बार मतदाताओं के घर जाएंगे, यह सुनिश्चित करें। संभाग आयुक्त डॉ. खाड़े निर्देशित किया कि कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं और अपात्र मतदाता जुड़े नहीं, यह सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही जो व्यक्ति 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहा है, वह भी मतदात सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकता है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म 6, हटवाने के लिए फॉर्म 7 और सुधार या संशोधन के लिए मतदाता को फॉर्म 8 भरना होगा।

संभाग आयुक्त डॉ. खाड़े ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 का संशोधित कार्यक्रम किया जारी कर गणना पत्रक 11 दिसम्बर तक भरे जाएंगे, 14 फरवरी 2026 को होगा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। इसके अनुसार अब 11 दिसम्बर 2025 तक एन्युमरेशन फार्म भरने का काम बीएलओ द्वारा किया जाएगा। 16 दिसंबर को मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन होगा। 16 दिसंबर से 15 जनवरी 2026 तक दावा आपत्तियों के आवेदन लिए जाएंगे। 16 दिसंबर से 7 फरवरी 2026 तक दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद 14 फरवरी 2026 को फाइनल मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर संजीव केशव पांडेय, संयुक्त कलेक्टर जगदीश मेहरा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व राहुल गुप्ता, तहसीलदार, संबंधित अधिकारी एवं BLO मौजूद रहे।
एसडीएम और तहसीलदार के मार्गदर्शन में SIR का काम लगभग पूरा हुआ

धार जिले में विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मनावर और उमरबन विधानसभा क्षेत्रों में कार्य लगभग पूरा हो चुका है। 4 नवंबर से शुरू हुए इस अभियान में मनावर और जनपद पंचायत उमरबन में शत प्रतिशत के करीब कार्य निर्धारित समय से पहले ही पूर्ण कर लिया गया है।
मनावर विधानसभा क्षेत्र की 125 ग्राम पंचायतों और नगर पालिका क्षेत्र में अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा युद्ध स्तर पर कार्य किया गया। मनावर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व प्रमोदसिंह गुर्जर और तहसीलदार विजय तलवारे के मार्गदर्शन में यह कार्य अंतिम चरण में है।

जनपद पंचायत उमरबन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) रोहित पचोरी ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए क्षेत्र की 61 ग्राम पंचायतों में लगातार प्रयास किए गए। इसमें जनपद स्तर के अधिकारियों के साथ-साथ ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक और मोबिलाइजर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
नायब तहसीलदार राजेश भींडे ने भी पंचायतों का दौरा कर सर्वे को शत-प्रतिशत पूर्ण करने में सहयोग किया। सीईओ रोहित पचोरी ने यह भी कहा कि एसआईआर सर्वे में बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) और पर्यवेक्षकों की जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण रही, जिसके कारण सभी कार्य तय समय में पूरे हो सके।









