ऑस्ट्रेलियन महिला क्रिकेटर्स से छेड़छाड़ की घटना को लेकर नेताप्रतिपक्ष का तंज, कहा – मुख्यमंत्री के प्रभार वाले जिले में कानून-व्यवस्था के ये हाल!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

इंदौर : मप्र.- इंदौर में दो ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटरों के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आई है, जिससे राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। भाजपा ने इसे राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया है। इंदौर क्रिकेट संघ ने घटना को शर्मनाक बताया है।

मध्यप्रदेश के इंदौर में गुरुवार सुबह दो अस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट खिलाड़ियों के साथ एक शख्स ने सड़क पर छेड़छाड़ की थी। ये दोनों खिलाड़ी महिला क्रिकेट विश्व कप में हिस्सा लेने भारत आई हैं। आरोपी बाइक पर सवार था और दोनों खिलाड़ियों के पास से गुजरते हुए आरोपी ने दोनों महिलाओं को गलत तरीके से टच किया और भाग गया था। यह घटना सुबह करीब 11 बजे होटल से कैफे की ओर पैदल जा रही खिलाड़ियों के साथ हुई। दोनों ने तुरंत अपनी टीम के सुरक्षा अधिकारी को मैसेज भेजकर लोकेशन साझा की। सुरक्षा अधिकारी डैनी सिमंस ने बताया, “खिलाड़ी रोते हुए कॉल पर बताने लगीं कि क्या हुआ। हमने तुरंत कार भेजकर उन्हें वापस होटल बुलाया”।

कैसे हुई आरोपी की पहचान?

पास खड़े एक व्यक्ति ने आरोपी की बाइक का नंबर नोट किया, जिसके आधार पर पुलिस ने CCTV फुटेज से आरोपी की पहचान कर ली। शुक्रवार शाम पुलिस ने आरोपी अकील को गिरफ्तार कर लिया।

वही नेताप्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि “ऑस्ट्रेलियन महिला क्रिकेटर्स से छेड़छाड़ की घटना इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश की भाजपा सरकार में न तो महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो पा रही है और न ही प्रदेश की प्रतिष्ठा बची है। भारत दौरे पर आई विदेशी खिलाड़ियों को सुरक्षा तक न दे पाना — भाजपा सरकार की नाकामी और प्रशासनिक ढिलाई का प्रतीक है। सबसे गौर करने वाली बात यह है कि यह जिला स्वयं मुख्यमंत्री जी के प्रभार में आता है, फिर भी यहां की कानून-व्यवस्था की यह स्थिति है। ऐसी शर्मनाक हरकत करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि देश और प्रदेश की प्रतिष्ठा धूमिल न हो।”

और पढ़ें