एशियन यूथ पैरा ओलम्पिक में रतलाम का परचम, स्वर्ण विजेता अब्दुल कादिर का भव्य सम्मान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रतलाम न्यूज : दुबई में आयोजित एशियन यूथ पैरा ओलम्पिक तैराकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 स्वर्ण और 1 कांस्य पदक जीतने वाले दिव्यांग तैराक अब्दुल कादिर इंदौरी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश, प्रदेश और रतलाम का नाम गौरवान्वित किया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप ने उनका सम्मान कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

मंत्री काश्यप ने कहा कि अब्दुल कादिर ने विपरीत परिस्थितियों में भी कड़ी मेहनत और संकल्प के बल पर यह सिद्ध कर दिया कि मजबूत इच्छाशक्ति के आगे कोई बाधा टिक नहीं सकती। उन्होंने बताया कि खेल चेतना मेला की शुरुआत जिस उद्देश्य से की गई थी, आज अब्दुल जैसे खिलाड़ी उसी सोच को साकार कर रहे हैं। खेल चेतना मेला से अपनी प्रतिभा को निखारते हुए अब्दुल ने एशियन यूथ पैरा ओलम्पिक में पदक जीतकर रतलाम को वैश्विक पहचान दिलाई है।

इस अवसर पर भाजपा पार्षद रणजीत टांक, विभिन्न खेल संगठनों और सामाजिक संस्थाओं ने भी अब्दुल कादिर का सम्मान किया।

वार्ड 16 में हुआ नागरिक सम्मान

अब्दुल कादिर की उपलब्धि पर रतलाम के वार्ड क्रमांक 16 में पार्षद रणजीत टांक एवं वार्डवासियों के सहयोग से भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला महामंत्री जयंत कोठारी, थोक किराना एसोसिएशन अध्यक्ष मनोज झालानी, गोपाल गौशाला कॉलोनी अध्यक्ष नरेश सकलेचा सहित अनेक पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, वरिष्ठजन और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

भाजपा व खेल जगत ने बताया प्रेरणास्रोत

सम्मान समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, क्रीड़ा भारती जिला सचिव अनुज शर्मा, प्रशिक्षक राजा राठौड़ सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने अब्दुल कादिर की इस सफलता को युवाओं और दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

और पढ़ें