बाग/धार. (मप्र.) धार जिले के बाग में एक लूट का मामला सामने आया है जिसमें शुक्रवार सुबह ब्राह्मण मोहल्ले में पांच अज्ञात बदमाश इनकम टैक्स ऑफिसर बनकर एक ठेकेदार के घर में घुस गए, इसके बाद वहां मौजूद पति पत्नी को अधिकारी होने का रोब झाड़ने लगे। बदमाशों ने खुद को इनकम टैक्स ऑफिसर बताया और काला धन जांचने के बहाने अलमारी और बिस्तर पेटी तलाशना शुरू की। जानकारी के मुताबिक ठेकेदार की पत्नी से चाबी लेकर वह 50 तोला सोना और 4 लाख नगदी तीन मोबाइल लेकर भागने में सफल हो गए। भागते समय बदमाशों ने ठेकेदार और उसकी पत्नी को एक कमरे में बंद कर दिया।
राजकुमार मालवीय ने बताया कि वारदात सुबह 10 बजे की है जब लुटेरे अधिकारी की वर्दी में घर पर आए थे, मैंने इनकम टैक्स ऑफिसर समझ कर उनका सहयोग किया और उन्होंने ब्लैक मनी की शिकायत की जांच करने का बहाना लेकर तलाशी शुरू करने लगे ठेकेदार की पत्नी कृष्णा ने अलमारी की चाबी दे दी। जिसमें रखें जेवरात और नगदी रुपए लेकर पति-पत्नी को कमरे में बंद करके फरार हो गए।
लुटेरों के भागने के बाद ठेकेदार ने खिड़की से मोहल्ले वालों को आवाज देकर बुलाया और दरवाजा खुलवाया इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद कुक्षी एसडीओपी सुनील गुप्ता, थाना प्रभारी राजेश यादव और बाग टीआई कैलाश चौहान मौके पर पहुंचे उन्होंने घर का निरीक्षण किया और परिवार के बयान दर्ज किए। बताया जा रहा है की लूट में शामिल मोबाइल में से एक मोबाइल बाईपास पर कहीं कचरे के आसपास मिला। धार पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने साइबर टीम को बाग भेजा और बदमाशों की तलाश शुरू की।









