इंदौर के यात्रियों की मुश्किलें गुरुवार को भी जारी रहीं। इंडिगो एयरलाइंस ने दूसरे दिन लगातार तीन उड़ानें रद्द कर दीं, जिसके बाद एयरपोर्ट पर पहुंचे यात्री परेशान और नाराज नजर आए। कंपनी ने उन्हें रिफंड या रिबुकिंग का विकल्प दिया, लेकिन अचानक यात्रा टलने से लोग खासे निराश हुए और कई यात्रियों को दूसरी एयरलाइंस के महंगे टिकट खरीदने पड़े।
बुधवार को इंदौर आने-जाने वाली 18 उड़ानें प्रभावित हुई थीं, जबकि गुरुवार को मुंबई से इंदौर आने वाली और इंदौर से मुंबई जाने वाली तीन उड़ानें रद्द रहीं। एयरपोर्ट पर सबसे अधिक उड़ानों का संचालन इंडिगो करती है, इसलिए रद्द उड़ानों का असर भी यात्रियों पर ज्यादा दिखा। नाराज यात्री कंपनी के स्टाफ से तीखे स्वरों में अपनी परेशानी साझा करते दिखाई दिए।
कंपनी के अनुसार, तकनीकी और ऑपरेशनल दिक्कतों के कारण उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं। संभावना जताई जा रही है कि शुक्रवार को भी कुछ उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं।









