
मनावर : (सिंघम रिपोर्टर) मनावर में आगामी बसंत पंचमी और मकर संक्रांति जैसे त्योहारों के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान पुलिस एसडीओपी बृजेश कुमार मालवीय और थाना प्रभारी ईश्वरसिंह चौहान ने नगर के 15 वार्डों के सर्वधर्म समाज के नागरिकों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
एसडीओपी मालवीय ने नागरिकों से सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी या फर्जी वीडियो न फैलाने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि एआई के दौर में अधिकांश वीडियो फेक बनाए जा रहे हैं, और ऐसी किसी भी टिप्पणी पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। देर रात अपने घरों से बाहर या बस्ती के ओटलों पर रहने वाले युवाओं को भी घर में रहने की हिदायत दी गई।
दुकानों को रात 11 बजे तक पूरी तरह बंद करने के निर्देश
पुलिस एसडीओपी ने फरवरी महीने में शुरू हो रही 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का जिक्र करते हुए छात्रों को बाहर घूमने की बजाय पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने सभी से त्योहारों को शांति और उत्सव के साथ मनाने का आग्रह किया, और पुलिस प्रशासन की तत्परता का आश्वासन दिया। बैठक में नगर के प्रमुख चौराहों और मोहल्लों में देर रात तक खुली रहने वाली चाय-पान की दुकानों को रात 11 बजे तक पूरी तरह बंद करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, घरों में रहने वाले किरायेदारों की जानकारी पुलिस थाने में दर्ज कराने के लिए भी कहा गया।
सुबह 6 बजे तक पुलिस प्रशासन का गश्त
नगर में बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस गश्त का समय सुबह 6 बजे किया जाएगा। जनसंवाद के दौरान एक रहवासी दीपक पटवा ने गांधी चौराहे से क्रांति चौपाटी तक और नेहरू बगीचे के बाहर दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए पुलिस प्रशासन से मांग की। जिस पर एसडीओपी ने कहा कि जल्द ही संयुक्त विभाग द्वारा करवाई करेंगे।









