
मनावर : (मप्र.) आज सुबह 10 बजे नगर पालिका प्रांगण मनावर में अनुविभागीय अधिकारी महोदय (राजस्व) मनावर की अध्यक्षता में नगर के प्रमुख मार्गों पटेल मार्ग, नेहरू पार्क की दोनों गलियाँ, धार रोड, इंदौर रोड, सिंघाना रोड, बस स्टैंड एवं मेला मैदान क्षेत्र में किए गए अस्थायी अतिक्रमण को सुव्यवस्थित रूप से हटाने तथा प्रमुख मार्गों पर आवागमन एवं यातायात को सुगम बनाने के उद्देश्य से व्यापारियों/व्यवसायियों के साथ जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में नगर में किए गए अस्थायी अतिक्रमण एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के संबंध में नागरिकों से संवाद कर उनके सुझाव आमंत्रित किए गए। बैठक में उपस्थित व्यापारियों, व्यवसायियों एवं नगरवासियों द्वारा यातायात व्यवस्था, अस्थायी अतिक्रमण एवं पार्किंग हेतु निर्धारित स्थानों के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए गए।

जनता की ओर से सोनू पाटीदार ने बस स्टैंड की समस्या बताते हुए कहा कि आज बस स्टेशन की लंबाई और चौड़ाई पर्याप्त है लेकिन हाथ ठेला और स्थाई दुकानों के बाहर हो रहे अतिक्रमण के कारण बसों को आने जाने में कठिनाई का सामना करना पड़ता है। 20 से अधिक ठेले और दुकानदारों के द्वारा अपनी निर्धारित सीमा से बाहर दुकानें बढ़कर लगाई जा रही है। मोटरसाइकिलों की भी भरमार रहती है जिसके कारण बसों को स्टैंड के अंदर आने में भी मुश्किल होती है। वही नजमुद्दीन बोहरा ने कहा कि शहर में मुख्य मार्गों पर बनी दुकानों के बाहर कई फीट तक अतिक्रमण किया गया है, उसके बाहर खरीदी करने के लिए आने वाले ग्राहकों के साथ मोटरसाइकिलों का भी आना-जाना लगा रहता है इन कारणों से स्टेट हाईवे की सड़क की चौड़ाई कम होकर सीमित रह गई है। सुझाव देते हुए उन्होंने बताया कि नगर की मुख्य पार्किंग और अस्थाई दुकानों को नगर के मेला मैदान स्थित स्थापित कर देना ही उचित निर्णय होगा। उन्होंने यह भी कहा कि अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया की जाती है तो समय-समय पर दुकानदारों की यथास्थिति को भी देखा जाए ताकि कोई अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा उसे स्थान पर अतिक्रमण न कर सके। कुछ लोगों ने नगर के प्रमुख मार्गो की सीमा ज्ञात कर अंडरलाइन करने का भी सुझाव दिया ताकि दुकानदार अपने निर्धारित सीमा से बाहर ना सके। नगर के मेंन बाजार रोड पर तिरपाल और पल्लीया बांधकर भी अतिक्रमण किया गया साथ ही सड़कों पर स्थापित बिलजी के पोल जो यातायात में बाधित हो रहे है उन्हें हटाने के लिए शिकायत की गई।

नगर पालिका अध्यक्ष अजय पाटीदार द्वारा नगर के व्यापारियों से अपील की गई कि वे अपनी दुकानों के सामने अस्थायी अतिक्रमण न करें तथा दुकानों का कचरा सड़क पर न फेंकें। अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मनावर द्वारा नागरिकों एवं व्यापारियों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई तथा बड़े वाहनों में प्रेशर हॉर्न के उपयोग पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए गए।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनावर द्वारा नगर के व्यापारियों से नगर के प्रमुख मार्गो पर किये गये अस्थाई अतिक्रमण स्वयं हटाने हेतु अपील की गई। आज के संवाद पश्यत प्राप्त सुझाव एवं निर्णयों के आधार पर चालानी कार्यवाही एवं अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जावेगी ।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) प्रमोद गुर्जर द्वारा नागरिकों एवं व्यापारियों को निर्देशित किया गया कि वे नगर पालिका द्वारा निर्धारित सीमा रेखा के अंदर ही अपनी दुकानें संचालित करें। साथ ही दुकानदारों से 03 दिवस के भीतर अपनी दुकानों के आगे किए गए अस्थायी अतिक्रमण को स्वयं हटाने की अपील की गई। निर्धारित समयावधि के पश्चात प्रशासन द्वारा चालानी कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है।
उक्त बैठक में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मनावर, तहसीलदार विजय तलवाड़े, नगर पालिका अध्यक्ष अजय पाटीदार, पार्षद नारायणजी सोनी, कैलाशजी राठोड़, लोकेश मुकाती, मांगीलाल सावले, रुपेश्जी सोलंकी, लक्ष्मी जाट, जनप्रतिनिधिगण, थाना प्रभारी मनावर, ट्रैफिक पुलिस मनावर, पत्रकारगण, मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनावर एवं संबंधित विभागो के कर्मचारीगण उपस्थित रहे ।









