नई दिल्ली : 8 मार्च 2026 को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दिल्ली में कर्तव्य पथ (इंडिया गेट के पास) पर नारी शक्ति को समर्पित कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर एवं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहतक, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल सहित भाजपा की नेताओं और विभिन्न क्षेत्रों की महिलाओं ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य महिला उपलब्धियों, नेतृत्व और सशक्तिकरण का उत्सव मनाना था, जिसमें ‘शक्ति वॉक’ जैसे आयोजन शामिल रहे। भाजपा और महिला व बाल विकास मंत्रालय द्वारा महिला दिवस समारोह, जिसमें शक्ति वॉक (इंडिया गेट से विजय चौक) प्रमुख रही। भाजपा दिल्ली अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने महिलाओं के योगदान को सलाम किया। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना और उन्हें हर क्षेत्र में प्रोत्साहित करना उनका मुख्य उद्देश्य रहा। इसके अतिरिक्त राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने भी दिल्ली के मणिकॉव सेंटर में महिला दिवस समारोह को संबोधित किया।

इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि हजारों महिलाओं ने कदम से कदम मिलाकर महिला नेतृत्व, शक्ति और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका का संदेश दिया। इंडिया गेट से विजय चौक तक आयोजित यह वॉक इस विश्वास का प्रतीक है कि जब महिलाएँ आगे बढ़ती हैं, तो देश भी और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ता है। देश की सुरक्षा, स्वास्थ्य, खेल, प्रशासन और जमीनी स्तर पर अपनी सेवाएं देने वाली बहनों एवं बेटियों की भागीदारी ने इस आयोजन को और अधिक प्रेरणादायी बना दिया।

नारी शक्ति, राष्ट्र निर्माण की प्रेरक शक्ति
यह अवसर नारी शक्ति के योगदान को सम्मान देने और समाज में उनकी बढ़ती भागीदारी को रेखांकित करने का एक महत्वपूर्ण मंच रहा। आज देश की महिलाएं शिक्षा, नेतृत्व, उद्यमिता और राष्ट्र निर्माण के हर क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ हासिल कर रही हैं। मोदी सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए लगातार कार्य कर रही है, जिससे नारी शक्ति विकसित भारत के निर्माण में और अधिक मजबूती से अपनी भूमिका निभा रही है।









